
मुंगेली । मुंगेली पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में चल रहे ऑपरेशन बाज के तहत सायबर सेल एवं पथरिया थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त टीम ने सरगांव क्षेत्र में कार्रवाई कर दो गांजा तस्करों को 3 किलो 977 ग्राम अवैध गांजा और मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा व उप पुलिस अधीक्षक नवनीत पाटिल के मार्गदर्शन में 8 दिसंबर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि भरेवा रोड, पथरिया ईंटा भट्ठा के पास दो युवक गांजा बेचने की फिराक में खड़े हैं। टीम ने तत्काल घेराबंदी कर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 28 S 8885 पर सवार दिनेश नेताम (30 वर्ष) एवं चंचल मानिकपुरी (26 वर्ष) को पकड़ा। गवाहों की मौजूदगी में तलाशी लेने पर चार पैकेट में रखा 3.97 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब ₹27,839 है। परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल ₹50,000 की भी जब्ती की गई। कुल जब्त सामग्री का मूल्य ₹77,839 बताया गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना पथरिया में अपराध क्रमांक 275/2025, धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर 9 दिसंबर को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। कार्रवाई में निरीक्षक प्रसाद सिन्हा, उपनिरीक्षक सुशील बंछोर, उपनिरीक्षक लक्ष्मण खुंटे, प्रआर यशवंत डाहिरे, रवि जांगड़े, आरक्षक राकेश बंजारे, गिरीराज सिंह, रवि मिंज एवं राहुल यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। एसपी ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार की किसी भी जानकारी को तुरंत पुलिस तक पहुँचाएँ। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
